पूर्व आया ने चाकू से किया तावड़तोड़ हमला, शौचालय के पास खून से लथपथ मिला शव
कोलकाता। महानगर के पर्णश्री थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बेचराम चटर्जी रोड स्थित एक अपार्टमेंट में दूरदर्शन व आकाशवाणी की ख्यातिलब्ध गायिका अनिता घोष (64) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। सनसनीखेज बात यह है कि वारदात को अंजाम देने वाली कोई और नहीं, बल्कि उनके घर में काम करने वाली पूर्व आया ही निकली। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अनिता घोष अपने लकवाग्रस्त पति अर्प घोष के साथ प्रियदर्शिनी अपार्टमेंट के एक फ्लैट में रहती थीं। उनका बेटा बेहाला में दूसरे फ्लैट में रहता है। सोमवार सुबह करीब 8.30 बजे संजू सरकार (34) नाम की महिला, जो दो साल पहले वहां आया का काम करती थी, बकाया वेतन मांगने पहुंची थी। आरोप है कि रुपयों को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। गुस्से में आकर संजू ने पास रखे चाकू से अनिता के पेट और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले के बाद जब अनिता निढाल होकर गिर पड़ीं, तो आरोपी ने उनके शरीर से सोने के गहने और अलमारी से नकदी लूट ली। सुबह करीब 9 बजे जब घर से चीख-पुकार सुनाई दी, तो पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि अनिता घोष शौचालय के पास खून से लथपथ पड़ी थीं। पड़ोसियों ने तुरंत आरोपी संजू सरकार को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। अनिता को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हत्याकांड ने पिछले साल अगस्त में हुए पञ्चसायर कांड की खौफनाक यादें ताजा कर दी हैं। वहां भी विजया दास नामक बुजुर्ग महिला की उनके बीमार पति के सामने ही हत्या कर दी गई थी और उसमें भी आया की संलिप्तता पाई गई थी। पर्णश्री की घटना में भी सुरक्षा की भारी चूक देखी गई, क्योंकि अपार्टमेंट में कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था। पुलिस की माने तो अनिता ने मौत से पहले खुद को बचाने की कोशिश की थी, जिससे आरोपी संजू के शरीर पर भी खरोंच के निशान मिले हैं। अपार्टमेंट के निवासियों में डर का माहौल है। उनका कहना है कि सीसीटीवी होता तो शायद सुरक्षा में मदद मिलती। पर्णश्री थाने की पुलिस ने आरोपी आया को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त हथियार की तलाश की जा रही है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी महिला ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। वह लूट के इरादे से आई थी या केवल बकाया रुपयों का विवाद था, इसकी गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।